• Home
  • मथुरा
  • बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मथुरा में मेगा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मथुरा में मेगा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

मथुरा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जनपद की मांट एवं छाता तहसीलों के चिन्हित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेगा बाढ़ मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का शुभारंभ प्रातः 9 बजे हुआ तथा विभिन्न आपदा परिदृश्यों का अभ्यास करते हुए इसका समापन सायं 5 बजे किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों एवं विभागों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आपसी समन्वय और त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता का प्रदर्शन किया। इसमें पुलिस विभाग, पीएसी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस सेवाएं, नागरिक सुरक्षा संगठन के आपदा मित्र, राजस्व विभाग, ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियां तथा अन्य संबंधित विभाग शामिल रहे।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनसीसी, होमगार्ड्स, पुलिस, सिविल डिफेंस एवं अग्निशमन विभाग के जवानों को आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों और नियमों की जानकारी प्रदान की। अभ्यास के दौरान बाढ़ जैसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया गया।

जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशासन की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण रही। सभी विभागों एवं टीमों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही करते हुए अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top