आगरा। उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में मंडल वाणिज्य प्रबंधक बी.एस. चौहान ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर स्थित खानपान स्टालों एवं यात्री सुविधाओं का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खानपान स्टालों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित दर सूची तथा यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। साथ ही स्टाल संचालकों द्वारा रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के पालन की भी जांच की गई।
इसके अलावा पेयजल व्यवस्था, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडल वाणिज्य प्रबंधक बी.एस. चौहान ने स्टाल संचालकों को निर्देशित किया कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और स्टेशन परिसर में स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।





