मथुरा। बिहार पुलिस द्वारा युवा समाजसेवी भरत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर में मारे जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने विकास मार्केट स्थित गांधी प्रतिमा पर कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडल मार्च का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि भरत भूषण तिवारी का कोई गंभीर आपराधिक इतिहास नहीं था। वे विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक कार्यालयों के लगातार संपर्क में रहते थे और लोगों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने के प्रयास कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भरत तिवारी समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर विस्थापितों की समस्याओं को लेकर सक्रिय थे और सरकार व प्रशासन से उनके अधिकारों की मांग कर रहे थे। ऐसे में उनके साथ हुआ एनकाउंटर गंभीर सवाल खड़े करता है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अपराध किया भी है तो उसे कानून के अनुसार न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा मिलनी चाहिए थी। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी, रूपा लवानिया, विपुल पाठक, जिलानी कादरी, आशीष अग्रवाल, अबरार कुरैशी, योगेश यादव, लक्ष्य गौड़, गौरांग अग्रवाल, अरनव चौधरी, अनवर फारुकी, अमित राज, हाशिम ह्यूमर, अनिल खरे, अभय प्रताप सिंह, बलवीर सिंह, अर्पित सिंह, योगेश ठाकुर, नवीन प्रजापति, गौरव सिंह, राजेंद्र शर्मा, दीपक मौर्य, राजेश कुमार और राकेश शुक्ला सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।





