• Home
  • मथुरा
  • मथुरा में दो नए सीओ को मिला सर्किल का चार्ज

मथुरा में दो नए सीओ को मिला सर्किल का चार्ज

मथुरा। जिले में पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल का दौर जारी है। कई क्षेत्राधिकारी (सीओ) के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए सर्किलों पर नवागत अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। वहीं पुलिस महकमे में चर्चा है कि जल्द ही आधा दर्जन से अधिक थाना प्रभारियों के तबादले भी किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में शासन स्तर से तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही जनपद में तैनात कई सीओ के स्थानांतरण किए गए थे। इस सूची में मथुरा के पांच सीओ का गैर जनपद तबादला हुआ था, जबकि अन्य जिलों से चार सीओ मथुरा के लिए स्थानांतरित किए गए थे।

हाल ही में अन्य जनपदों से आए दो सीओ ने मथुरा में कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रिक्त सर्किलों में नई तैनाती करते हुए फिरोजाबाद से आए सीओ प्रवीण कुमार तिवारी को रिफाइनरी सर्किल तथा कानपुर से आए सीओ अमरनाथ यादव को मांट सर्किल का चार्ज सौंपा है। वहीं, सीओ मांट संदीप सिंह को यातायात क्षेत्राधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्यों में लापरवाही बरतने वाले आधा दर्जन से अधिक थाना प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रडार पर हैं। ऐसे में निकट भविष्य में थाना प्रभारियों के स्तर पर भी बड़े पैमाने पर फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top