• Home
  • आगरा
  • रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026: यात्रियों की कहानियों को मिलेगा सम्मान

रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026: यात्रियों की कहानियों को मिलेगा सम्मान

आगरा। भारतीय रेल केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों यात्रियों की भावनाओं, अनुभवों और स्मृतियों से जुड़ी एक जीवंत यात्रा है। इन्हीं अनुभवों को अभिव्यक्ति देने और रेल सेवाओं को अधिक यात्री-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026” आयोजित की जा रही है। यह योजना अखिल भारतीय स्तर पर हिंदी भाषा में सृजनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के तहत प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 6,000 रुपये निर्धारित हैं। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को 4,000 रुपये प्रत्येक के प्रेरणा पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में देश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है।

प्रतिभागियों को अपने रेल यात्रा से जुड़े अनुभवों को हिंदी में मौलिक रूप से प्रस्तुत करना होगा। लेखन की शब्द सीमा न्यूनतम 3000 और अधिकतम 3500 शब्द निर्धारित की गई है। लेख डबल स्पेस में टंकित होना चाहिए और प्रत्येक पृष्ठ पर चारों ओर कम से कम एक इंच का मार्जिन होना अनिवार्य है। सभी पृष्ठ क्रमांकित होने चाहिए।

प्रविष्टि के साथ एक अलग पृष्ठ पर “रेल यात्रा वृत्तांत–2026” शीर्षक के अंतर्गत उपशीर्षक, लेखक का नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी में), पदनाम, आयु, कार्यालय व निवास का पता, मातृभाषा, रेलवे फोन नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और कुल शब्दों की संख्या स्पष्ट रूप से लिखना आवश्यक है। प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां सीधे रेलवे बोर्ड को भी भेज सकते हैं। प्रविष्टि भेजने का पता है— सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या–316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली–110002।

इस योजना में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। भारतीय रेल ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से इस योजना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि यात्राओं के अनुभवों को एक राष्ट्रीय मंच मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top