• Home
  • मथुरा
  • मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा

मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा

मथुरा। आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 (23 जुलाई से 30 जुलाई) की तैयारियों के संबंध में तहसील गोवर्धन सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत ने की। इस दौरान मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने कहा कि मुड़िया पूर्णिमा मेला श्रद्धा, आस्था और विश्वास का अद्भुत संगम है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु, पर्यटक, दर्शनार्थी और परिक्रमार्थी शामिल होते हैं।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र को नौ सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए छह स्थायी पुलिस चौकियां, 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर और 150 बैरियर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 183 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा 350 पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार घोषणाएं की जाएंगी। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने बताया कि मेला क्षेत्र में 1281 एलईडी लाइट, 14 सेमी मास्ट लाइट, एक हाई मास्ट लाइट तथा 212 सोलर लाइटें लगाई गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 61 पार्किंग स्थल, 1100 रोडवेज बसें, 19 अग्निशमन वाहन, 54 गिरिराज मोबाइल, पीएसी की दो प्लाटून तीन स्थानों पर, एसडीआरएफ की एक टीम मानसी गंगा पर तथा पीएसी की दो कंपनियां सात स्थानों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा गोवर्धन और वृंदावन में 600 ड्यूटी प्वाइंट, तीन सीसीटीवी कंट्रोल रूम और नौ सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ ने बताया कि मेले में 16 अस्थायी चिकित्सा सहायता केंद्र, दो एनजीओ के चिकित्सा शिविर, पांच मोटरसाइकिल एंबुलेंस टीम, 14 एंबुलेंस, छह हेल्थ मोबाइल तथा 22 चिकित्सा शिविर संचालित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच खोया-पाया केंद्र, 140 हैंडपंप, 30 पानी के टैंकर, 17 आरओ प्लांट, 25 मोबाइल टॉयलेट और तीन जनसुविधा केंद्र भी बनाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025 में मुड़िया पूर्णिमा मेले में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। इस बार मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने वर्षा ऋतु को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने, पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती, सुपरवाइजर नियुक्त करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने मेला क्षेत्र में आकर्षक साज-सज्जा, फसाड लाइटिंग, तिरंगा लाइटिंग, वॉल पेंटिंग और झालर लाइटिंग कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।

पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा अफवाह फैलाने वालों और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी गोवर्धन को होटल, ढाबा, आश्रम और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा भंडारों के लिए नियमानुसार अनुमति जारी करने को कहा। साथ ही मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग, वॉच टावर, पार्किंग, साइनेज, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल पानी के टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, स्वास्थ्य शिविर, बाइक एंबुलेंस तथा सरकारी एवं निजी अस्पतालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।बैठक में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, एमवीडीए सचिव आशीष कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, उपजिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top