• Home
  • मथुरा
  • जागरूकता रैली के साथ विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

जागरूकता रैली के साथ विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राधा वल्लभ ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू होकर राजीव भवन, पोस्ट ऑफिस, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइंस और तहसील होते हुए पुनः सीएमओ कार्यालय पहुंची। इसके बाद संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी ने शपथ भी ली।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, प्रशिक्षु एएनएम, बाल विकास सेवा विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने भाग लेकर आमजन को संचारी रोगों से बचाव का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से पूरे जनपद में जन-जागरूकता और रोग नियंत्रण संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

वेक्टर बॉर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी ने बताया कि मच्छर संचारी रोगों के प्रमुख वाहक हैं। इनके नियंत्रण के लिए नगर निगम के सहयोग से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। साथ ही लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित रोगों से बचाव के बारे में जानकारी देंगी। उन्होंने लोगों से पानी के बर्तन और ड्रम ढककर रखने, जलभराव वाले स्थानों पर मिट्टी का तेल या जला हुआ मोबिल ऑयल डालने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने की अपील की।

इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. अनुज चौधरी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रोहिताश तेवतिया, जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनुज यादव, जिला मलेरिया अधिकारी चंद्र प्रकाश मिश्र, नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हिमांशु, अर्बन कॉर्डिनेटर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top