श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। आगरा मंडल के मथुरा–अलवर रेलखंड स्थित डीग रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। लगभग 15.24 करोड़ रुपये की लागत से हुए इस कार्य के बाद स्टेशन को आधुनिक, यात्री-अनुकूल और सुविधासंपन्न स्वरूप प्रदान किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में किए गए इस पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है। मुख्य प्रवेश और निकास द्वारों को आकर्षक स्वरूप दिया गया है, जबकि प्लेटफॉर्मों पर नए शेड, आधुनिक बैठने की व्यवस्था और उच्च गुणवत्ता वाली सरफेसिंग विकसित की गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल सूचना बोर्ड और उन्नत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, पार्किंग क्षेत्र का सुव्यवस्थित विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को पूर्ण रूप से दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। इसके तहत टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ, व्हीलचेयर तथा समर्पित पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं। वहीं यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज भी बनाया गया है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि डीग रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।





