• Home
  • मथुरा
  • ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ के माध्यम से आमजन को दी मिलावट की जांच की जानकारी

‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ के माध्यम से आमजन को दी मिलावट की जांच की जानकारी

मथुरा। जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दृष्टिगत आमजन एवं आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के निर्देशन में गोवर्धन तहसील के खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह द्वारा ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ के माध्यम से आमजन को घरेलू स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच करने के तरीकों की जानकारी दी गई। उन्होंने सौंख अड्डा, गोवर्धन से लेकर दानघाटी मंदिर के आगे छोटी परिक्रमा मार्ग तक स्थित मिठाई की दुकानों, ढाबों, रेस्टोरेंटों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 35 खाद्य प्रतिष्ठानों से पेड़ा, बर्फी, पेठा, हल्दी, मिर्च, धनिया पाउडर, सरसों का तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित लगभग 30 किलोग्राम दूषित पेड़ा भी नष्ट कराया गया। साथ ही सभी पेड़ा विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, खाद्य लाइसेंस चस्पा करने तथा पेड़ा के अवयवों की जानकारी संबंधी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य जतिन कुमार सिंह ने बताया कि यदि मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान पर इन निर्देशों की अवहेलना पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top