मथुरा (श्याम बिहारी भार्गव)। जनपद मथुरा में मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रहे वाहनों के बीच माइलस्टोन 127 पर कम दृश्यता के चलते 7 बसों और 3 छोटी गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 13 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 96 लोग घायल हो गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी के अनुसार किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं है और सभी को बेहतर उपचार दिया जा रहा है। दुर्घटना में फंसे अन्य यात्रियों को सरकारी वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, एनएचएआई तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में हुई इस सड़क दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित, त्वरित और निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं।





