• Home
  • मथुरा
  • सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत प्रवर्तन दलों ने की कार्रवाई

सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत प्रवर्तन दलों ने की कार्रवाई

मथुरा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस अवधि को जीरो फैटेलिटी माह के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है।

सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में प्रवर्तन दलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान रांग नंबर प्लेट, एचएसआरपी प्लेट न होने तथा सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क किए जाने के मामलों में प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

इसके अलावा वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश राजपूत द्वारा रोडवेज वर्कशॉप का निरीक्षण किया गया। वहां उपस्थित चालकों को अपने वाहनों की क्लच, स्टीयरिंग और ब्रेक सिस्टम को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन करने की अपील की गई।

उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों को ओवरटेकिंग के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि हमेशा दाहिनी ओर से ही ओवरटेक करना चाहिए और इसके लिए इंडिकेटर का सही उपयोग आवश्यक है। साथ ही उन्होंने शहर की रोशनी वाली सड़कों और सामने से वाहन आने की स्थिति में लो बीम लाइट का प्रयोग करने तथा अत्यधिक अंधेरे और खाली सड़कों या हाईवे पर, जहां दूर तक देखने की आवश्यकता हो, वहां हाई बीम लाइट का प्रयोग करने के निर्देश दिए।

प्रवर्तन विभाग द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top