सड़क निर्माण मानक के अनुसार नहीं किया गया
मथुरा। मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं निर्भय सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्याम बिहारी भार्गव तथा स्थानीय निवासी देवदत्त गौतम, देवेंद्र शर्मा, एच.एस. राणा, रमा शर्मा, उमेश सारस्वत एवं राम गोपाल यादव ने नगर आयुक्त को तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया है कि महोली रोड स्थित सीडीएस नगर की पहली गली में बनाए गए आरसीसी रोड का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया गया है। सड़क में मात्र एक से दो इंच की ही आरसीसी डाली गई है। साथ ही सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण भी सही ढंग से नहीं किया गया है।
नालियों में मलवा भरा हुआ है तथा बीच-बीच में रुकावटें हैं, जिसके कारण पानी की निकासी सही तरीके से नहीं हो पा रही है। इससे पानी मकानों की नींव में भर रहा है, जिससे भवनों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। नालियों के दोनों ओर ठेकेदार द्वारा प्लास्टर भी नहीं किया गया है।
आरसीसी सड़क की मोटाई भी मानक के अनुरूप नहीं है। नालियों में भरा मलवा साफ कराने से ठेकेदार ने साफ मना कर दिया है। उसका कहना है कि यह कार्य नगर निगम का है।
इस संबंध में स्थानीय पार्षद कुलदीप पाठक से भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।





