• Home
  • रायबरेली
  • माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

ऊंचाहार, रायबरेली। माघ मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा नदी में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था और श्रद्धा के साथ लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई, पूजा-अर्चना की और दान-दक्षिणा देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मान्यता है कि माघ पूर्णिमा के दिन नारायण भगवान का वास गंगा जल में होता है। इसलिए जो श्रद्धालु पूरे माघ मास में स्नान नहीं कर पाते, उन्हें माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से पूरे मास के स्नान का पुण्य प्राप्त होता है। इसी धार्मिक विश्वास के चलते हर वर्ष इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा तटों पर पहुंचते हैं।

ऊंचाहार क्षेत्र के गोकना गंगा घाट पर शनिवार की शाम से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। अनेक श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर रात्रि विश्राम करते हुए कल्पवास किया और रविवार की प्रातःकाल पवित्र स्नान किया। इस अवसर पर केवल ऊंचाहार क्षेत्र ही नहीं, बल्कि सलोन, परशदेपुर, नसीराबाद, डीह सहित आसपास के दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गंगा मैया से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top