रायबरेली। राजकीय कॉलोनी में इंदिरा उद्यान के समीप स्थित श्री संकट मोचन धाम के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्थापना दिवस पर प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। श्री रामभक्त बजरंगबली, शिव परिवार, मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, शनिदेव सहित अन्य देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती तथा हनुमान चालीसा का संगीतमय संपुटी कृत पाठ किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी गणेशानंद एवं शास्त्री जी की मंडली द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का पाठ प्रस्तुत किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसी क्रम में कला मर्मज्ञ महंत कृष्णा बिहारी के सान्निध्य में मंदिर परिसर में नव-निर्मित खाटू श्याम मंदिर में प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। काशी से आई विद्वान पंडितों की मंडली द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विद्युत झालरों, झंडियों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत भंडारे का शुभारंभ किया गया। भंडारे में पूड़ी, सब्जी और बूंदी का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। श्रद्धालु अनुशासित रूप से कतार में लगकर प्रसाद ग्रहण करते रहे। प्रसाद वितरण में पुजारी दिनेश शुक्ला, श्री संकट मोचन धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष धर्मेंद्र पाण्डेय, कोषाध्यक्ष शुभम पाण्डेय, संरक्षक संतोष कुमार पाण्डेय, अशोक कुमार पाण्डेय, व्यवस्थापक अभिषेक उर्फ सचिन पाण्डेय, प्रदीप मणि त्रिपाठी (चित्रकूट धाम) तथा अनिल कुमार पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में प्रबंधक सुनील कुमार त्रिपाठी, विधिक सलाहकार उमेश चंद्र पाण्डेय, जितेंद्र कुमार पाण्डेय, शिवम पाण्डेय, शशिमणि त्रिपाठी, दीपचंद्र पाण्डेय, अमर, सूरज, दीपक, लिति जायसवाल, प्रधान कुलदीप, अजय करन, बद्री विशाल तिवारी, वकील साहब और मास्टर जी ने सेवा भाव से सहयोग किया। वहीं मनीष माइकल करन, महाकाल सुनील, सरगम सहित अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष धर्मेंद्र पाण्डेय ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।





