• Home
  • रायबरेली
  • आरेडिका में पर्यावरण पखवाड़े का सफल आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

आरेडिका में पर्यावरण पखवाड़े का सफल आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायबरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में 15 मई से 5 जून 2026 तक पर्यावरण पखवाड़े का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। 16 मई को सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित करने वाले पोस्टरों का प्रदर्शन किया गया तथा सतत जीवनशैली पर प्रस्तुति दी गई। 18 मई को घरेलू कचरे के पृथक्करण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि 19 मई को अस्पताल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में 21 मई को जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 29 मई को विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। 4 जून को प्रभात फेरी, स्लोगन प्रतियोगिता तथा महिलाओं एवं बच्चों द्वारा पुनर्चक्रित कचरे से निर्मित उपयोगी वस्तुओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सिविल विभाग द्वारा जल संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा जल निकायों की साफ-सफाई कराई गई। वहीं, कार्मिक विभाग ने प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। सांस्कृतिक संगठन द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को आरेडिका परिसर में महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया। अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने सभी कर्मचारियों और प्रतिभागियों से पर्यावरण जागरूकता संबंधी गतिविधियों में निरंतर सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और सतत विकास के लिए पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। पर्यावरण पखवाड़े के सफल आयोजन ने रेलकर्मियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top