• Home
  • फिरोजाबाद
  • एक पेड़ मां के नाम लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

एक पेड़ मां के नाम लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

फिरोजाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद भर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण करते हुए एक विशेष औषधि वन की स्थापना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल वन क्षेत्र का विस्तार करना नहीं है, बल्कि ऐसा जैव-विविधता क्षेत्र विकसित करना है जो जल संरक्षण में सहायक हो तथा औषधीय पौधों के गुणों को जनसामान्य तक पहुंचा सके।

उन्होंने कहा कि जनपद में “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान को पूरी आत्मीयता के साथ चलाया जा रहा है। यदि धरती को सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखना है तो लोगों को पौधों के साथ वैसा ही भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना होगा, जैसा एक मां और उसके बच्चे के बीच होता है। पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण से ही वे भविष्य में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा शुद्ध प्राणवायु प्रदान करने में सक्षम होंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों, तहसीलों एवं विकास खंडों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर पौधारोपण किया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top