फिरोजाबाद। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर सात जून को नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा गाजे-बाजे, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और अखाड़ों के साथ निकाली जाएगी, जिसका विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जनकल्याण समिति के जयंती अध्यक्ष होरीलाल बघेल ने बताया कि शोभायात्रा शनिवार को दोपहर दो बजे गांधी पार्क से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल तथा पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में लगभग डेढ़ दर्जन आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके अलावा काली अखाड़े और बैंड-बाजों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन में सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर, एटा विधायक विपिन वर्मा तथा खैरगढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार शोभायात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह बघेल, पुष्पेंद्र बघेल, अरविंद बघेल, रहीशपाल सिंह, राष्ट्रप्रकाश धनगर, दिनेश कुमार बघेल, प्रमोद कुमार बघेल, देवेंद्र कुमार बघेल, विनोद कुमार बघेल, रूपेंद्र उर्फ छोटू तथा राजेश बघेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





