• Home
  • फिरोजाबाद
  • जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर आठ जून से होगी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा

जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर आठ जून से होगी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा

फिरोजाबाद। जनपद में 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग से घिरे हुए क्षेत्र बनाए जाएंगे, जहां महिला कांस्टेबलों की तैनाती रहेगी। पूरी व्यवस्था पर एलआईयू इंस्पेक्टर भी नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्रों और पार्किंग स्थलों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी, स्टेशनरी की दुकानें तथा साइबर कैफे बंद रखे जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर रात के समय भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी लाइव फीड सीधे मुख्य कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top