• Home
  • कानपुर नगर
  • विश्व पर्यावरण दिवस : अभियान चलाकर 5.75 लाख पौधों का रोपण

विश्व पर्यावरण दिवस : अभियान चलाकर 5.75 लाख पौधों का रोपण

कानपुर नगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, वन विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से पूरे जनपद में एक ही दिन में 5,75,000 पौधों का रोपण किया गया।
यह अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘हरित उत्तर प्रदेश-स्वच्छ उत्तर प्रदेश’ संकल्प के अनुरूप आयोजित किया गया।
बाबूपुरवा ग्रीन बेल्ट में हुआ मुख्य कार्यक्रम : सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, कानपुर एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में किदवई नगर बाईपास रोड स्थित बाबूपुरवा ग्रीन बेल्ट में जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक (गोविंद नगर) सुरेंद्र मैथानी तथा पूर्व मंत्री एवं विधायक (कल्याणपुर) नीलिमा कटियार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त एवं प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा अतिथियों को रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
घाटमपुर और बिल्हौर में भी चला वृक्षारोपण अभियान : जनपद स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ घाटमपुर एवं बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। घाटमपुर में विधायक सरोज कुरील तथा बिल्हौर में विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान जन-जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं।
विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं का मिला सहयोग : बाबूपुरवा ग्रीन बेल्ट में मुख्य अतिथियों द्वारा 1,000 से अधिक छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। अभियान को सफल बनाने में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति, वन विभाग, नगर निगम, नमामि गंगे तथा गंगा टास्क फोर्स के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।
35 करोड़ वृक्षारोपण लक्ष्य की तैयारियों की जानकारी : कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आगामी वृक्षारोपण जन-अभियान की तैयारियों की जानकारी भी दी। बताया गया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए कानपुर नगर में सभी सरकारी नर्सरियों में 45 लाख से अधिक गुणवत्तापूर्ण पौधों की व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत सामूहिक पौधरोपण किया। सभी को पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top