• Home
  • फिरोजाबाद
  • 5 से 21 जून तक जनपद में मनेगा सेवा, सुशासन और सम्मान का उत्सव

5 से 21 जून तक जनपद में मनेगा सेवा, सुशासन और सम्मान का उत्सव

फिरोजाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 5 जून से 21 जून तक विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास तथा चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान से होगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता है और इसी उद्देश्य से अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, प्रमुख मार्गों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने पौधरोपण के साथ उसके संरक्षण पर भी विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की ऐतिहासिक यात्रा के रूप में देश के विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए पूरे कार्यक्रम को भव्य और प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा।

बैठक में तय किया गया कि 8 से 14 जून तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 11 से 14 जून के बीच मीडिया संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।

16 और 17 जून को ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत राज्य और जनपद स्तर के लगभग 300 प्रबुद्धजनों एवं विषय विशेषज्ञों को विभिन्न विकास खंडों में भेजा जाएगा, जहां वे सरकार की उपलब्धियों पर व्याख्यान देंगे। इस दौरान शिक्षकों, उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों और अन्य प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया जाएगा।

17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रमों का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा।

बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top