• Home
  • कानपुर नगर
  • जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर

⇒5 जून से 21 जून तक चलेगा विशेष जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान
कानपुर नगर। ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक आयोजित विशेष जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान की तैयारियों की समीक्षा शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय ने की।
बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अरुण पाठक, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (उत्तर) अनिल दीक्षित तथा भाजपा जिलाध्यक्ष (दक्षिण) शिवराम सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागीय दायित्वों तथा जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन समन्वय एवं प्रभावी योजना के साथ किया जाए तथा योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाई जाए।
बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि इन आयोजनों में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर योजनाओं की जानकारी एवं उनके प्रभाव को आमजन तक पहुंचाया जाए। मलिन बस्तियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र एवं वंचित व्यक्तियों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। शिविरों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्टार्टअप से जुड़े युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं के माध्यम से किसानों को कम लागत वाली खेती, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान आयोजित रात्रि चौपालों में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें तथा उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त (ज्वाइंट सीपी) विपिन ताडा, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top