फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा इंतजामों का गहन परीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर लगाए गए प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को भी सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से भी परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है।





