रायबरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ कर्मियों, बालिका सशक्तिकरण अभियान (जेम) की बालिकाओं तथा अन्य सहभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जागरूकता रैली का शुभारंभ गेट संख्या-2 से किया गया, जो सर्व कल्याण केंद्र पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। जेम की बालिकाओं ने भी बड़ी संख्या में रैली में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रीति सिन्हा द्वारा निदेशक (परिचालन) का संदेश पढ़कर सुनाया गया। संदेश में एनटीपीसी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और सतत विकास के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों और पहलों की जानकारी दी गई।
रैली के उपरांत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और जेम की बालिकाओं ने पौधारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण जागरूकता से संबंधित भाषण, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और नारा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह, आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस. यू. हरिदास, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष, सीआईएसएफ के सदस्य तथा प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से एनटीपीसी ऊंचाहार ने पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जनसामान्य को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।





