रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में सत्ताईसवें क्षेत्रीय गुणवत्ता चक्र सम्मेलन का शुभारंभ क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) दिवाकर कौशिक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
स्वागत संबोधन में परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन एनटीपीसी के भावी लक्ष्यों की प्राप्ति तथा दैनिक कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के लिए प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करेगा। मुख्य अतिथि दिवाकर कौशिक ने सभी प्रतिभागी टीमों और सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि विभिन्न परियोजनाओं से आए प्रतिभागी अपने अनुभवों और प्रदर्शनों के माध्यम से आपसी समन्वय स्थापित करेंगे तथा अन्य विद्युत परियोजनाओं की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से ज्ञान अर्जित करेंगे।
गुणवत्ता चक्र सम्मेलन में उत्तरी क्षेत्र के एनटीपीसी स्टेशनों की कुल 23 टीमें भाग ले रही हैं। टीमों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडलों का अतिथियों ने अवलोकन किया और उनकी सराहना की। सभी टीमों ने सतत गुणवत्ता, नवाचार और न्यूनतम लागत को केंद्र में रखते हुए अपनी प्रस्तुतियां दीं। वी. पी. दुबे, आर. के. झा तथा आरिफ हुसैन खान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन शालिनी रावत और मानसी द्वारा किया गया।
अपने दौरे के दौरान दिवाकर कौशिक ने परियोजना की विभिन्न साइटों का निरीक्षण किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की तथा युवा इंजीनियरों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर विचार-विमर्श किया। अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया।
सम्मेलन के विभिन्न कार्यक्रमों में विभागाध्यक्षों के साथ महाप्रबंधक डी. के. साहू, एस. यू. हरिदास, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उत्तरी क्षेत्र की अन्य परियोजनाओं के प्रमुख भी कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े।





