ऊंचाहार, रायबरेली। स्वर्णकार समाज के आराध्य संत शिरोमणि नरहरी दास जी बिट्ठल भगवान संपूर्ण स्वर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों और नियमों का अनुसरण कर ही समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है। यह विचार राष्ट्रीय स्वर्णकार राजनीतिक भागीदारी मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा स्वर्णकार ने ऊंचाहार में व्यक्त किए।
रविवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष चंद्र कौशल के कैंप कार्यालय पर स्वर्णकार समाज के आराध्य संत शिरोमणि नरहरी दास की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा स्वर्णकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नरहरी दास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नरहरी दास जी बिट्ठल भगवान के परम भक्त थे। उनकी भक्ति, शक्ति और अनुशासित जीवनशैली आज भी स्वर्णकार समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने बताया कि मंच के माध्यम से सभी जिलों में नरहरी दास जी की जयंती मनाई जा रही है, जिससे समाज में एकता और जागरूकता का संदेश फैल रहा है।
क्षेत्रीय मंत्री अभिलाष चंद्र कौशल ने कहा कि स्वर्णकार समाज सातों बिरादरियों को जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि मिशन 2027 के अंतर्गत संपूर्ण विश्वकर्मा समाज संगठित होकर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में सदन में विश्वकर्मा समाज की राजनीतिक भागीदारी प्रभावी रूप से देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राधेश्याम सोनी, राजू सोनी, गिरधारी सोनी, सत्य प्रकाश सोनी, राजेंद्र सोनी, जवाहरलाल सोनी, श्याम जी सोनी, राकेश भदोरिया, अभय सिंह, राजकुमार तिवारी, विनीत कौशल, अरविंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।





