• Home
  • रायबरेली
  • बनारस लिट फेस्ट में आरेडिका की तकनीकी उपलब्धियों और रेलवे विरासत पर प्रशांत कुमार मिश्रा ने साझा किए विचार

बनारस लिट फेस्ट में आरेडिका की तकनीकी उपलब्धियों और रेलवे विरासत पर प्रशांत कुमार मिश्रा ने साझा किए विचार

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), उत्तर प्रदेश एवं रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला (पंजाब) के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने 30 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक बनारस में आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठित “बनारस लिट फेस्ट” में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय रेलवे की विरासत, निर्माण क्षमता और तकनीकी प्रगति पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

अपने वक्तव्य में श्री मिश्रा ने आरेडिका में निर्मित अत्याधुनिक रेल कोचों, फोर्ज्ड व्हीलों तथा आरेडिका में निर्मित पहली वंदे भारत ट्रेन के निर्माण और उसकी तकनीकी विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय रेलवे की आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रही उल्लेखनीय प्रगति और स्वदेशी निर्माण क्षमताओं को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री मिश्रा ने भारतीय रेलवे के इतिहास पर आधारित अपनी चर्चित पुस्तक ‘रेल्स थ्रू राज’ के बारे में भी श्रोताओं को जानकारी दी। यह पुस्तक प्राथमिक ऐतिहासिक स्रोतों पर आधारित है और ब्रिटिश काल में भारतीय रेलवे के विकास को वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ प्रस्तुत करती है। उनकी गहन शोधपरक दृष्टि और प्रभावशाली लेखन शैली के कारण यह कृति सामान्य पाठकों के साथ-साथ इतिहास एवं रेलवे विषयक शोधकर्ताओं के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यप्रेमियों और विद्वानों ने श्री मिश्रा के विचारों की सराहना की। उनके साथ यह संवाद “बनारस लिट फेस्ट” के कार्यक्रम सदस्य अमित सिंह ने किया। उक्त जानकारी आरेडिका के जन संपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top