• Home
  • कानपुर देहात
  • विधायक/सांसद निधि योजना की समीक्षा बैठक संपन्न, दिए गए आवश्यक निर्देश

विधायक/सांसद निधि योजना की समीक्षा बैठक संपन्न, दिए गए आवश्यक निर्देश

पंडित अनुपम दुबे: कानपुर देहात। विधायक/सांसद निधि योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित समस्त कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान विधायक/सांसद निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिशील, अपूर्ण एवं अनारंभ कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा से लंबित अथवा धीमी प्रगति वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों के सापेक्ष धनराशि की अवमुक्ति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा सभी कार्यों का अद्यतन विवरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध होना पारदर्शिता एवं प्रभावी निगरानी के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्थिति में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य पारदर्शिता एवं नियमानुसार संपादित किए जाएं।

इसके अतिरिक्त बैठक में उन कार्यों की भी समीक्षा की गई, जो स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक प्रारंभ नहीं हो पाए हैं। ऐसे सभी कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने हेतु संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूर्ण कराना ही इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top