• Home
  • रायबरेली
  • डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार-प्रसार हेतु वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार-प्रसार हेतु वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट परिसर से फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन जनपद के समस्त विकास खंडों में जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद रायबरेली में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 5,43,325 लाभार्थी कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री की जानी थी। इनमें से 62,534 कृषक विभिन्न कारणों से अपात्र पाए गए। इस प्रकार फार्मर रजिस्ट्री कराने का कुल लक्ष्य 4,80,791 कृषकों का निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 3,13,379 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 65.18 प्रतिशत है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शेष बचे 1,67,412 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के उद्देश्य से प्रचार वाहनों को समस्त विकास खंडों के लिए रवाना किया गया है। ये वाहन आगामी 10 दिनों तक जनपद के सभी विकास खंडों में प्रचार-प्रसार का कार्य करेंगे, ताकि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रह जाए।

उप निदेशक कृषि विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में यह निरंतर प्रयास किया जा रहा है कि जिन पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अब तक नहीं हो पाई है, वे आगे आएं और अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित समस्त योजनाओं का संचालन फार्मर रजिस्ट्री के डाटा के माध्यम से ऑनलाइन किया जाना है। सरकारी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिल सकेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी।

उन्होंने आगे बताया कि खरीफ वर्ष 2026 से अनुदानित उर्वरक भी फार्मर रजिस्ट्री डाटा के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसान क्रेडिट कार्ड, आपदा की स्थिति में क्षतिपूर्ति का आकलन, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद तथा फसल बीमा की क्षतिपूर्ति भी फार्मर रजिस्ट्री के डाटा के आधार पर बिना अतिरिक्त सत्यापन के शीघ्रता से की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top