• Home
  • रायबरेली
  • एनटीपीसी ऊंचाहार ने आसपास के युवाओं के नए बैच को प्रशिक्षण हेतु किया रवाना

एनटीपीसी ऊंचाहार ने आसपास के युवाओं के नए बैच को प्रशिक्षण हेतु किया रवाना

रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार ने नैगमिक सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए आसपास के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से एक नए प्रशिक्षण बैच को लखनऊ स्थित सीपेट संस्थान भेजा। इस अवसर पर दो दिवसीय दौरे पर आए क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) दिवाकर कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को लेकर जाने वाली बस को रवाना किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर दिवाकर कौशिक ने ऊंचाहार परियोजना के सीएसआर कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उपस्थित ग्राम प्रधानों से नए सुझाव देने की अपील की, ताकि सीएसआर के माध्यम से एनटीपीसी समाज के लिए और अधिक प्रभावी योगदान दे सके।

कार्यक्रम से पूर्व परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और एनटीपीसी द्वारा संचालित सीएसआर गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अब तक एनटीपीसी द्वारा आसपास के कुल 127 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

परियोजना प्रमुख ने बताया कि इस बार के 60 युवाओं के बैच में लगभग 45 प्रतिशत बालिकाएं शामिल हैं, जो प्रशिक्षण पूर्ण कर रोजगार प्राप्त करेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार एनटीपीसी ऊंचाहार क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए एक वरदान के रूप में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक स्नेहा त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव, ग्राम प्रधान तथा उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एनटीपीसी के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top