• Home
  • रायबरेली
  • महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा ने राज्यपाल से आरेडिका और पुस्तक पर चर्चा

महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा ने राज्यपाल से आरेडिका और पुस्तक पर चर्चा

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली (उत्तर प्रदेश) एवं रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला (पंजाब) के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से जनभवन, लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं अत्यंत सार्थक रही।

इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना द्वारा अब तक निर्मित 15 हजार से अधिक अत्याधुनिक रेल कोचों, पहली बार निर्मित फोर्ज्ड व्हीलों तथा आरेडिका में निर्मित पहली वंदे भारत ट्रेन के निर्माण, उसकी तकनीकी विशेषताओं एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आरेडिका द्वारा किए जा रहे प्रयासों, जैसे जल संरक्षण, हरित ऊर्जा को बढ़ावा, सौर ऊर्जा विकास एवं व्यापक वृक्षारोपण अभियानों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आरेडिका में भू-जल संरक्षण क्षमता बढ़कर 730 मिलियन लीटर तक पहुंच चुकी है तथा सोलर पैनलों की स्थापना से 5.13 मेगावाट की विद्युत उत्पादन क्षमता प्राप्त की जा चुकी है। इन प्रयासों से भारतीय रेलवे की निर्माण क्षमता, तकनीकी दक्षता तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रही प्रगति स्पष्ट होती है।

इस दौरान महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा ने भारतीय रेलवे के इतिहास पर आधारित अपनी चर्चित पुस्तक ‘रेल्स थ्रू राज (Rails Through Raj)’ की एक प्रति महामहिम राज्यपाल को भेंट की। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक प्राथमिक ऐतिहासिक स्रोतों पर आधारित है, जिसमें ब्रिटिश काल में भारतीय रेलवे के विकास को वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक सामान्य पाठकों के साथ-साथ इतिहास एवं रेलवे विषयक शोधकर्ताओं के लिए भी उपयोगी है। भेंट के दौरान महामहिम राज्यपाल ने जनभवन में स्थापित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा गठित जनभवन बैंड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनभवन में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा बच्चों को नियमित प्रशिक्षण दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप वे अनुशासित एवं दक्ष बने हैं। उल्लेखनीय है कि जनभवन बैंड ने पिछले तीन वर्षों से लगातार 26 जनवरी की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रशंसा अर्जित की है।

इसके अतिरिक्त महामहिम राज्यपाल ने जनभवन द्वारा टीबी उन्मूलन एवं सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी सराहनीय बताया और इन सामाजिक स्वास्थ्य अभियानों की प्रशंसा की। महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा के लेखन कौशल, पुस्तक की शोधपरक गुणवत्ता तथा आरेडिका की उपलब्धियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए पूरी आरेडिका टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी लिखित पुस्तकें ‘चुनौतियां मुझे पसंद हैं’ एवं ‘वो मुझे हमेशा याद रहेंगे’ भी सप्रेम भेंट कीं।

मुलाकात का विशेष एवं सुखद क्षण तब आया जब महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा द्वारा महामहिम राज्यपाल को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली के भ्रमण हेतु आमंत्रित किया गया, जिसे महामहिम ने सहर्ष स्वीकार किया। यह भेंट आरेडिका परिवार के लिए गर्व, प्रेरणा एवं उत्साह का विषय रही। इस अवसर पर वरिष्ठ उप महाप्रबंधक अकमल वदूद, उप मुख्य वित्त सलाहकार अस्थानंद पाठक तथा सचिव महाप्रबंधक आर. एन. तिवारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top