• Home
  • रायबरेली
  • निपुण ऐप के माध्यम से बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान का किया गया आकलन

निपुण ऐप के माध्यम से बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान का किया गया आकलन

सलोन, रायबरेली। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सांडा सैदन एवं रामीपुर में निपुण आकलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डायट रायबरेली से पधारे अमित कुमार मिश्रा एवं अभिषेक श्रीवास्तव द्वारा कक्षा एक और दो के 12-12 विद्यार्थियों का भाषा एवं गणित विषय में निपुण ऐप के माध्यम से पठन-पाठन एवं लेखन कराकर आकलन किया गया।

निपुण आकलन के पश्चात टीएलएम के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अमित कुमार मिश्रा ने भाषा विषय तथा अभिषेक श्रीवास्तव ने गणित विषय में क्रियात्मक एवं परख आधारित शिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निपुण आकलन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान की दक्षता का मापन करना है, ताकि बच्चे समझ के साथ पढ़ने और लिखने में सक्षम बन सकें।

उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि कक्षा शिक्षण में गतिविधि आधारित शिक्षण को प्राथमिकता दी जाए, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार हो सके। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमानत फातिमा, शिक्षक संकुल अरुण कुमार, सुरेश चंद्र यादव, अनीता, सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान, मोहम्मद वसीम सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top