• Home
  • चंदौली
  • राज्य मंत्री संजीव गोंड ने 20 लाभार्थियों को सौंपी आवास की चाभी

राज्य मंत्री संजीव गोंड ने 20 लाभार्थियों को सौंपी आवास की चाभी

चंदौली। चकिया विकास खंड स्थित ग्राम पंचायत दिरेहूं में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2025-26 के अंतर्गत मुख्यमंत्री जीरो पावर्टी कॉलोनी का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव गोंड रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा राज्य मंत्री संजीव गोंड, चकिया विधायक, चकिया व नौगढ़ के प्रमुख तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। राज्य मंत्री ने कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए इसकी सराहना की और मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक कॉलोनी का उद्घाटन एवं गृह प्रवेश कराया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री जीरो पावर्टी कॉलोनी का निर्माण सरकार की मंशा के अनुरूप किया गया है। इसका उद्देश्य ऐसे परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है जिनके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है। मुख्यमंत्री आवास योजना के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर इन परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने 20 लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपी। साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर का भी वितरण किया गया। मंत्री ने बताया कि सभी विकास खंडों में ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जाएगा जो भूमि, आवास, शुद्ध पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और उन्हें जीरो पावर्टी योजना के अंतर्गत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था भी की जा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित चकिया विधायक ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे विकसित भारत 2047 का सपना साकार होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी ब्लॉकों में इसी प्रकार की कॉलोनियों का निर्माण कर बेसहारा परिवारों को आवास, बिजली और शौचालय जैसी सुविधाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह कार्य बहुत कम समय में धरातल पर उतारा जा सका। उन्होंने बताया कि प्रशासन का निरंतर प्रयास रहेगा कि सभी वंचित परिवारों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। इसके अंतर्गत पेंशन, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, श्रम कार्ड, महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आयवृद्धि, आत्मनिर्भरता के लिए राजमिस्त्री प्रशिक्षण तथा बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की गई है।

मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने बताया कि इस कॉलोनी में निवास करने वाले 20 परिवारों को लगभग दो करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top