• Home
  • कानपुर नगर
  • संपूर्ण समाधान दिवस में 153 शिकायतें दर्ज, 17 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 153 शिकायतें दर्ज, 17 का मौके पर निस्तारण

कानपुर नगर। सदर तहसील अंतर्गत मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 153 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 17 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे फरियादियों को त्वरित राहत मिली। शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को संपूर्ण समाधान दिवस के शासनादेश में निर्धारित सात दिन की समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं है। प्रत्येक शिकायत का ऐसा निस्तारण होना चाहिए कि फरियादी संतुष्ट हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों की समीक्षा वे स्वयं करेंगे और लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान कई मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई। नौबस्ता निवासी अंश सिंह को दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए मौके पर विशेष मेडिकल कैंप के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी कराया गया। कर्नलगंज निवासी वहीदउद्दीन अहमद के नाम संशोधन प्रकरण में राजस्व अभिलेखों की त्रुटि तुरंत दुरुस्त की गई। पनकी निवासी राजबहादुर कमल के मामले में पिता और स्वयं के नाम में दर्ज त्रुटियों को राजस्व निरीक्षक की आख्या के आधार पर संशोधित कराया गया। ग्राम बिधनू, कटरी ख्यौरा और दहेली उजागर से आए भूमि अंश और नाम संशोधन संबंधी प्रकरणों को मौके पर निर्देश देकर सही किया गया।

फजलगंज निवासी हिमांशु शुक्ला के मामले में पिता के निधन के बाद शस्त्र लाइसेंस जमा कराने की प्रक्रिया तुरंत पूरी करवाई गई, जिससे प्रार्थी को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों में भी मौके पर प्रगति सुनिश्चित की गई। प्रीती यादव के राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ प्रकरण में औपचारिकताएं पूरी की गईं, जबकि हिरौंदा के विधवा पेंशन प्रकरण में आधार पंजीकरण पूर्ण कर अगली किस्त के साथ भुगतान सुनिश्चित किया गया।

विभागवार शिकायतों में सर्वाधिक 69 मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे। पुलिस विभाग से 26, नगर निगम से 19, केडीए से 17 तथा जिला आपूर्ति विभाग, जलकर और केस्को से चार-चार प्रकरण सामने आए। अन्य शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थीं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस की भावना के अनुरूप प्रत्येक मामले में समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता आधारित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता को त्वरित राहत देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एडीएएम संतोष कुमार राय, एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, अपर नगर आयुक्त आवेश खान सहित सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top