कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन 09 फरवरी से 18 फरवरी, 2026 तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन संख्या–2 में किया जा रहा है।
उक्त प्रदर्शनी में कानपुर मण्डल एवं उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य प्रदेशों से खादी एवं ग्रामोद्योग की इकाइयों के अलावा विभिन्न सरकारी विभागों की रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित एवं पंजीकृत उद्यमी अपने-अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री के उद्देश्य से प्रतिभाग करेंगे। प्रदर्शनी हेतु कुल 100 स्टॉल निर्मित किए गए हैं, जिन्हें उद्यमियों एवं प्रतिभागियों को आवंटित किया जाएगा।
प्रदर्शनी में खादी के वस्त्र, रेडीमेड परिधान, ऊनी वस्त्रों के साथ-साथ मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, प्रतापगढ़ के अर्वेला उत्पाद, सहारनपुर का फर्नीचर, गुड़, चर्म उत्पाद, बांस-बेत के सामान तथा बनारस की साड़ियाँ आदि प्रदर्शन एवं बिक्री हेतु उपलब्ध रहेंगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन माननीय श्री राकेश सचान, केबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग/रेशम विभाग), उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद के सांसदगण, विधायकगण, विधान परिषद सदस्य एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में दिनांक 09 फरवरी, 2026 को सायं 5:00 बजे किया जाएगा।
आम जनमानस से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार सहित खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में पधारें और खादी वस्त्रों एवं उत्पादों की खरीदारी कर शिल्पकारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार से जुड़े व्यक्तियों को प्रोत्साहित करें, जिससे उनके जीवन-यापन में सकारात्मक बदलाव आए।
प्रेस वार्ता के अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर मण्डल अशोक कुमार शर्मा, ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, अभय कुमार त्रिपाठी एवं के. के. पाण्डेय उपस्थित रहे।





