फिरोजाबाद। नगर पंचायत एका क्षेत्र के ग्राम मछिरयाई में नवनिर्मित कान्हा गौशाला का लोकार्पण प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया गया। इस गौशाला के निर्माण पर लगभग 1.65 करोड़ रुपये की लागत आई है, जिसमें 500 गौवंशों के संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश भयमुक्त शासन की मिसाल बन चुका है, जिसके चलते देश-विदेश के उद्यमी प्रदेश में निवेश के लिए उत्सुक हैं। सरकार न केवल पीड़ितों को न्याय दिला रही है, बल्कि प्रदेश को नए वैभव और उपलब्धियों के पथ पर अग्रसर कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नव निर्मित गौशाला का नियमित निरीक्षण, परीक्षण एवं अवलोकन किया जाए, जिससे गौवंशों की सेवा में कोई कमी न रहे।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि समाज में जितना सम्मान मनुष्य का है, उतना ही सम्मान गौवंशों का भी होना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके अलावा उन्होंने टूंडला स्थित राजकीय हाईस्कूल नियामतपुर में 47.46 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन मल्टीपर्पज हॉल तथा नगला सिरसागंज स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 47.46 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीपर्पज हॉल के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में ब्लॉक पंचायत अध्यक्ष कमलेश राजपूत, नगर पंचायत चेयरमैन मायादेवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





