हाथरस। महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से कांवड़ियों के मुख्य आवागमन मार्ग सिकन्द्राराऊ–हाथरस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नगला रति, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास, मैण्डू सहित अन्य प्रमुख स्थानों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा कांवड़ियों को सुरक्षित रूप से जत्थों में रवाना कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर पर्याप्त पुलिस एवं प्रशासनिक अमला तैनात रहेगा। कांवड़ियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां विद्युत, पेयजल एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने एनएचएआई को निर्देशित किया कि टूटी सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग कराई जाए, निर्माण स्थलों पर रोड सेफ्टी साइनेज लगाए जाएं तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने सड़क किनारे फुटपाथ निर्माण, संकरी सड़कों को चौड़ा करने, रात्रि आवागमन के लिए रिफ्लेक्टर लगाने एवं बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मुख्य चौराहों पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्गों एवं मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक एवं चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।





