अवनीश सिंह: कानपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रमुख नेता प्रवीण तोगड़िया रविवार को कानपुर प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने संगठन की प्रांतीय बैठक में भाग लिया और दिनभर शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की। रात्रि में वह संगठन के कार्यकर्ता शिवेंद्र सेंगर के निवास पर रुके, जहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
प्रेस वार्ता में तोगड़िया ने देश में बढ़ते “लव जिहाद” और धर्मांतरण के मामलों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि ये घटनाएं व्यापक स्तर पर संगठित रूप में सामने आ रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र स्थित आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वहां बीते कई वर्षों से बड़े पैमाने पर धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं। साथ ही उन्होंने अमरावती की घटना का हवाला देते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें सुनियोजित तरीके से हिंदू युवतियों को निशाना बनाया जा रहा है तथा इसके पीछे फंडिंग का भी संदेह है।
उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। तोगड़िया ने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की कि ऐसे मामलों में कठोर कानून बनाया जाए और दोषियों के लिए सख्त से सख्त सजा, यहां तक कि मृत्युदंड का प्रावधान किया जाए। हिंदू समाज से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारों को विशेष रूप से अपनी बेटियों को जागरूक और सतर्क करना होगा। साथ ही समाज को संगठित होकर इस प्रकार की गतिविधियों के प्रति सजग रहना चाहिए।
तोगड़िया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद देशभर में स्कूलों के माध्यम से आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान शुरू करेगी। इसके तहत राष्ट्रीय महिला परिषद एवं संगठन की महिला इकाइयों द्वारा लड़कियों और महिलाओं को सेल्फ-प्रोटेक्शन की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में स्वयं की रक्षा कर सकें।
उन्होंने कहा कि संगठन “हनुमान चालीसा” पाठ के माध्यम से देशभर में जनजागरण अभियान चला रहा है। “संगठित हिंदू, सुरक्षित हिंदू, सम्मानित हिंदू” के लक्ष्य को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने “एक मुट्ठी अनाज” अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि हर हिंदू परिवार से अनाज एकत्र कर जरूरतमंद गरीब परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वेद सचान (राष्ट्रीय संगठन मंत्री, राष्ट्रीय बजरंग दल—उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड), शिवजी यादव (प्रांत महामंत्री), राजू भारद्वाज (प्रभारी, लखनऊ), उमेश अग्निहोत्री (जिला मंत्री), देवेंद्र विश्वकर्मा एवं राहुल सेंगर (सक्रिय कार्यकर्ता) सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लव जिहाद व धर्मांतरण पर कड़े कानून की मांग, हिंदू समाज को सतर्क रहने का आह्वान : प्रवीण तोगड़िया





