• Home
  • मथुरा
  • जिले में आज से खिलाई गई कृमि मुक्ति दवा

जिले में आज से खिलाई गई कृमि मुक्ति दवा

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार, 10 फरवरी को अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-3, बाद (जनपद मथुरा) में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर किया गया।

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निजी और सरकारी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाई गई। जो बच्चे किसी कारणवश दवा खाने से छूट जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड के दौरान दवा खिलाई जाएगी।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि एक से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण होने की आशंका रहती है। कृमि संक्रमण के कारण कुपोषण भी हो सकता है। पेट के कीड़े संक्रमित व्यक्ति के शरीर से पोषण लेते हैं, जिसके कारण पौष्टिक भोजन मिलने के बावजूद बच्चा कुपोषित रह जाता है। इसलिए सभी जनपदवासियों से अपील है कि वे अपने एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत एलबेंडाजोल की दवा अवश्य खिलाएं। यह अभियान बच्चों को स्वस्थ रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसे सफल बनाने में सभी का सहयोग आवश्यक है।

जिला सामुदायिक प्रक्रिया समन्वयक डॉ. पारुल शर्मा ने बताया कि इस अभियान को आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्कूलों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। 1 से 5 वर्ष तक के सभी पंजीकृत बच्चों तथा 6 से 19 वर्ष तक के स्कूल न जाने वाले बच्चों, ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले एवं घुमंतू लाभार्थियों को आंगनवाड़ी केंद्रों पर दवा खिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों, मदरसों तथा किशोर जुवेनाइल होम में 6 से 19 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षकों एवं संबंधित प्रभारियों के माध्यम से दवा दी जाएगी।

डीसीपीएम ने बताया कि अभियान के बाद 13 फरवरी को जनपद में मॉप-अप राउंड चलाया जाएगा। इसमें स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर कृमि मुक्ति दिवस के दिन अनुपस्थित रहने या अन्य कारणों से दवा से वंचित रह गए लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें दवा खिलाई जाएगी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मुनेश कुमार, वाइस प्रिंसिपल श्री दिनेश पटेल, अध्यापिका माधुरी, अर्बन कोऑर्डिनेटर फौजिया खानम, एमओआईसी राल डॉ. राकेश सिकरवार, डीपीएम संजय सिहोरिया, श्रीमती ममता, डॉ. पंकज, डॉ. अनुज, स्टाफ नर्स विश्व आलोक शेखर, सीएचओ, आशा एवं एएनएम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top