श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। 25 फरवरी को प्रस्तावित बरसाना लट्ठमार होली से पहले प्रशासन ने बरसाना में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से देर रात तक बुलडोजर कार्रवाई की गई। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जेसीबी मशीनें चलती रहीं और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मलबा हटाया जाता रहा।
एसडीएम गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी के नेतृत्व में सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी डॉ. कल्पना बाजपेयी तथा थाना प्रभारी अश्वनी कुमार की मौजूदगी में सुदामा चौक, पुराना अड्डा, बाग मोहल्ला, पीली कोठी तिराहा, नया बस स्टैंड और बरसाना देहात क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नालियों से बाहर निकले चबूतरे, दुकानों के बढ़े हुए छज्जे, दीवारें, शोकेस और बाउंड्रीवाल तोड़े गए। कच्चे अतिक्रमण को जब्त किया गया, जबकि पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। नगर पंचायत की ओर से पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अनुपालन न होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
कार्रवाई में एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मलबा हटाने में लगाई गईं। पिछले वर्ष लट्ठमार होली के दौरान भारी भीड़ और जाम की समस्या सामने आई थी। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन ने पहले से ही मार्गों को चौड़ा और व्यवस्थित रखने के लिए अतिक्रमण को जड़ से हटाने की रणनीति अपनाई है।
एसडीएम प्राजक्ता त्रिपाठी ने बताया कि यह अभियान 20 फरवरी तक लगातार जारी रहेगा, ताकि होली से पूर्व पूरे क्षेत्र को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके।





