मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर विधानसभा घेराव के दौरान शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई के विरोध में मथुरा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विकास मार्केट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम को समाप्त किए जाने की योजना सरकार की दमनकारी सोच को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला गया था, जिसे रोकने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सहित कई कार्यकर्ता और नेता घायल हो गए।
धनगर ने कहा कि विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला सत्ता के अहंकार को चुनौती दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जनसंकल्प बनाम दमनचक्र की है और जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक अंतिम सांस तक लड़ी जाएगी। जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने कहा कि जब संकल्प मजबूत होता है तो बैरिकेड्स, लाठियां और दमन टिक नहीं सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के हर दमनचक्र का लोकतांत्रिक तरीके से सामना किया है और अंततः सत्य, संघर्ष और संविधान की जीत होगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अप्रतिम सक्सेना ने किया। विरोध प्रदर्शन में सर्वश्री बलवीर प्रधान, लक्ष्य गौड़, दीपक पाठक, प्रवीण भास्कर, दीपक दीक्षित, महेश चौबे, विक्रम बाल्मीकि, मुस्लिम कुरैशी, रमेश कश्यप, रवि वाल्मीकि, करण निषाद, काशन रिज़वी, अशोक निषाद, ललित शर्मा, हाशिम हुमेर, सोनू वर्मा, रोहित राजपूत, मनीष शर्मा, बलवीर सिंह, लोकेंद्र यादव, मन्ना पंडित, रवि शर्मा, अजीम शाह, मंगल सिंह, राम चौधरी, अर्पित चौधरी, योगेश ठाकुर, सलीम अब्बासी, अनवर फारुकी, अमन सागर माहौर सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




