श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। दीनदयाल उपाध्याय सेवा प्रतिष्ठान का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 21 एवं 22 फरवरी को मथुरा में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष प्रतिष्ठान का राष्ट्रीय अधिवेशन भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा में आयोजित होने जा रहा है। दो दिवसीय इस समागम में देश की राजनीति और समाज सेवा क्षेत्र के कई बड़े शिखर पुरुषों के शामिल होने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। अधिवेशन में मुख्य रूप से कलराज मिश्र (पूर्व राज्यपाल), डॉ. दिनेश शर्मा (राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश) तथा दयाशंकर सिंह (परिवहन मंत्री, उत्तर प्रदेश) सहित अनेक वक्ता अपने विचार व्यक्त करेंगे।
अधिवेशन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक रासबिहारी अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन भूतेश्वर स्थित श्रीजी बाबा आश्रम के सभागार में संपन्न होगा। इस अवसर पर योगेश उपाध्याय, कन्हैया लाल अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, सुभाष सैनी एवं मदन मोहन राजपूत भी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार अधिवेशन में संगठन के सेवा कार्यों, भावी योजनाओं एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। देशभर से प्रतिनिधियों के सहभाग की संभावना है, जिससे यह अधिवेशन व्यापक एवं सार्थक बनेगा।




