• Home
  • फिरोजाबाद
  • सफलता का मूल मंत्र लक्ष्य को निर्धारित करना है: कुलपति

सफलता का मूल मंत्र लक्ष्य को निर्धारित करना है: कुलपति

फिरोजाबाद। दाऊदयाल महिला महाविद्यालय में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं हस्तकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रस्साकसी, कैरम और बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजयी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशू रानी, प्रबंध समिति की अध्यक्ष माला रस्तोगी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश यादव, प्राचार्या प्रो. रेनू वर्मा, देवीचरन अग्रवाल, अनूप चंद्र जैन, प्रो. जी.सी. यादव, प्रभास्कर राय, रवि माहेश्वरी, ललित मोहन शर्मा, रणवीर सिंह और विनीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय की देवी सरस्वती, दाऊदयाल, गोपाल चंद्रा एवं पूर्व अध्यक्ष स्व. एस.के. अग्रवाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यक्रम का आगाज छात्राओं ने सरस्वती वंदना से किया। रस्साकसी, कैरम तथा बास्केटबॉल प्रतियोगिता में छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में एम.ए. छात्रा विजेता और बी.कॉम छात्रा उपविजेता रहीं। रस्साकसी में बी.ए. छात्रा विजेता और एम.ए. छात्रा उपविजेता रही। कैरम प्रतियोगिता में बी.कॉम की टीम ने प्रथम स्थान तथा बी.ए. और एम.ए. की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मंचासीन अतिथियों ने महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों द्वारा लिखित विविध विषयों से संबंधित पुस्तकों का विमोचन भी किया। कुलपति प्रो. आशू रानी ने कहा कि “सफलता का मूल मंत्र लक्ष्य निर्धारित करना है और उस पर दृढ़ प्रतिज्ञा होकर निरंतर श्रम साधना में तल्लीन रहना चाहिए।” अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top