फिरोजाबाद। जिला उद्योग बंधु की बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। यूपीडा द्वारा विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे के संबंध में उपायुक्त उद्योग ने अवगत कराया कि इस परियोजना के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने निर्देश दिए कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए, ताकि अधिक से अधिक उद्यमी जनपद में निवेश कर सकें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों।
उद्यमियों की मांग पर जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 132 केवीए उपकेंद्र की स्थापना पर भी चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) ने बताया कि वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्र में तीन संयोजन 33 केवीए पर उच्चीकृत किए जा चुके हैं। साथ ही ककरऊ कोठी से कांच उद्योग तक की सभी स्ट्रीट लाइटें क्रियाशील हैं, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा एवं सुगमता बढ़ी है। यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्र की आरक्षित भूमि पर आधुनिक चिकित्सा सुविधा के रूप में ईएसआई अस्पताल की स्थापना का भी अनुरोध किया गया, ताकि श्रमिकों एवं उद्यमियों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बैंकों द्वारा 1430 लाभार्थियों को ऋण वितरित कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा गया है। जिन बैंक शाखाओं की प्रगति शून्य है, उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) विशु राजा, उद्यमी राजकुमार शर्मा, मुकेश कुमार बंसल (टोनी), पारसा, सिहराज सिंह यादव, संदीप कुमार (सहायक आयुक्त उद्योग), तरुण कुमार शर्मा, अतुल शर्मा (जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र) सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





