फिरोजाबाद। प्रसव के बाद नवजात बच्ची और प्रसूता की मौत होने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने प्राइवेट नर्सिंग होम के चिकित्सकों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने न्यू कामायनी नर्सिंग होम को सील कर दिया। थाना नारखी के गांव महीपुरा निवासी आकाश की 26 वर्षीय पत्नी भावना पचौरी को सोमवार रात प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने उसे ओम नगर, कोटला रोड स्थित न्यू कामायनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। अस्पताल में आपरेशन के बाद रात तीन बजे बच्ची का जन्म हुआ। बच्ची बहुत कमजोर थी और कुछ ही देर में उसकी सांसे थम गईं। कुछ समय बाद महिला की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। परिजन आगरा के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने भावना पचौरी को मृत घोषित कर दिया। इससे नाराज परिजन शव लेकर अस्पताल में हंगामा करने लगे। थाना उत्तर पुलिस की टीम ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। एसीएमओ डॉ. केके वर्मा ने बताया कि अस्पताल पंजीकृत था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां पहुंची तो कोई उपस्थित नहीं मिला। इस पर अस्पताल को सील कर दिया गया। अस्पताल संचालक डॉ. अभय गुप्ता का मोबाइल कॉल भी नहीं उठाया गया। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन के बाद नवजात बालिका और प्रसूता की मौत, परिजनों ने अस्पताल में काटा हंगामा





