• Home
  • फिरोजाबाद
  • पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का आह्वान

पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का आह्वान

फिरोजाबाद। वीर हनुमान हिंदू सम्मेलन समिति, माधव नगर द्वारा रामलीला मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग दस हजार से अधिक हिंदुओं ने भाग लिया। सम्मेलन से पूर्व नगर के दो स्थानों से भव्य गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पांच हजार से अधिक मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर योगी नवलगिरि महाराज ने कहा कि देशभर में हो रहे हिंदू सम्मेलन समाज की जागरूकता का प्रतीक हैं। उन्होंने सामाजिक एकजुटता पर बल देते हुए पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का आह्वान किया।

कवि सुदीप भोला ने अपनी ओजपूर्ण कविता से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। मुख्य अतिथि कथावाचिका हेमलता शास्त्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रभक्ति, नारी सम्मान और पारिवारिक संस्कारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने कहा कि समाज में सांस्कृतिक चेतना का प्रसार आवश्यक है और संगठित प्रयासों से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। समिति अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इससे पूर्व पहली कलश यात्रा गोपालाश्रम से प्रारंभ होकर कोटला चुंगी होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। दूसरी यात्रा राधाकृष्ण मंदिर से शुरू होकर गंज मोहल्ला, बड़ा डाकखाना चौराहा, मटका वाली बिल्डिंग होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। यात्राओं में राष्ट्र सेविका समिति, भारत विकास परिषद, संस्कार भारती, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय स्त्री शक्ति, क्रीड़ा भारती, वीरांगना वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, व्यापार मंडल, सेवा भारती, माथुर वैश्य महिला मंडल, ब्राह्मण महिला महासभा सहित अनेक संगठनों की महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कवि विष्णु उपाध्याय एवं प्रवीण अग्रवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top