फिरोजाबाद। जनपद में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही शिवालयों में “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजने लगे। कांवड़ियों ने गंगा जल लाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। नगर के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा।
शहर से लगभग सात किलोमीटर दूर गांव सांती स्थित शातेश्वरनाथ महादेव मंदिर में तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। रविवार तड़के से ही कांवड़ियों का आगमन शुरू हो गया। हर श्रद्धालु भगवान शिव पर पहले जल अर्पित करने की इच्छा में कतारबद्ध नजर आया। मंदिर के बाहर महिलाओं और युवतियों सहित कांवड़ियों की लंबी लाइनें लगी रहीं। दूर-दराज से आए लाखों भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
इसके अलावा शहर के प्रसिद्ध मंदिरों— गोपाल आश्रम, ओमकारेश्वरनाथ महादेव मंदिर, सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर, रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर और पीपलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अभिषेक किया। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, बेर, सिंघाड़े और पंचामृत अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
बस स्टैंड स्थित महादेव मंदिर में पं. पंकज शर्मा ने पूजा-अर्चना कराई। लाला कुंजीलाल की बगीची स्थित चंद्रेश्वरनाथ महादेव मंदिर में महंत पं. भूपेंद्र शर्मा के निर्देशन में पूजा संपन्न हुई। मंदिरों को विद्युत झालरों से सजाया गया और शाम को बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। ट्रस्टी बंटी अग्रवाल ने आरती कर प्रसाद वितरण किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर आगरा गेट बाजार समिति द्वारा श्रद्धालुओं को ठंडाई वितरित की गई। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





