• Home
  • फिरोजाबाद
  • श्रीमद्भागवत कथा में पहली बार निकलेगी तुलसी कलश यात्रा

श्रीमद्भागवत कथा में पहली बार निकलेगी तुलसी कलश यात्रा

फिरोजाबाद। धर्म सेवा परिवार ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा को लेकर गुरुवार को शिवम रेस्टोरेंट में राष्ट्रीय कथावाचक आचार्य गौरव दीक्षित महाराज ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कथा आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि फिरोजाबाद के इतिहास में पहली बार तुलसी कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। आचार्य गौरव दीक्षित महाराज ने बताया कि शहर के श्री रामचंद्र पालीवाल हॉल में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के दौरान निकलने वाली तुलसी कलश यात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। यात्रा में शामिल सभी मातृशक्ति को समापन अवसर पर तुलसी कलश प्रसाद स्वरूप भेंट किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि कलश यात्रा में भाग लेने वाली महिलाओं में से 11 का चयन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा, जिन्हें चांदी के राधा-कृष्ण स्वरूप भेंट किए जाएंगे। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को एक मुखी से लेकर 14 मुखी तक के रुद्राक्ष प्रसाद के रूप में प्रदान किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में आचार्य गौरव दीक्षित महाराज ने रुद्राक्ष, तुलसी तथा तुलसी कलश यात्रा के आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देने का माध्यम भी है।

इस अवसर पर भागवत धर्म सेवा परिवार ट्रस्ट की ओर से आचार्य गौरव दीक्षित महाराज का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों का भी अंगवस्त्र, धार्मिक पुस्तक एवं रुद्राक्ष भेंट कर सम्मान किया गया। प्रेस वार्ता में महापौर कामिनी राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, विनोद गर्गाचार्य, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राधेश्याम कुशवाहा, विपिन शर्मा, ब्राह्मण महासभा महानगर अध्यक्ष प्रदीप शर्मा (गुड्डा पहलवान), चार्ली बघेल, मयंक शर्मा, कन्हैया उपाध्याय, चंचल शर्मा, अशोक गर्ग, देवाशीष शर्मा (देवेश पलिया), सोनी भारद्वाज, श्वेता शर्मा, लक्ष्मी पाराशर, शालू गुप्ता, शिवम गुप्ता सहित ट्रस्ट पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top