चंदौली। होली पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन जांच अभियान शुरू किया है। विभागीय टीम ने खोवा, पनीर और नमकीन निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर नमूने एकत्र किए हैं। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर की जा रही है। अभियान के प्रथम चरण में खाद्य सुरक्षा मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से आमजन और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने विशेष रूप से खोवा व्यापारियों को चेतावनी दी है कि वे न तो मिलावटी खोवा खरीदें और न ही उसका विक्रय करें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कहीं भी मिलावटी खोया, पनीर, नमकीन अथवा खाद्य तेल की बिक्री या परिवहन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी सदर, चंदौली के निर्देश पर विभागीय टीम ने पड़ाव क्षेत्र स्थित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान नमकीन और बेसन के दो नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, बिक्री या परिवहन की सूचना मिले तो तत्काल विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर अवगत कराएं। आज की कार्रवाई का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा।





