श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। बरसाना स्थित श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज के मैदान में रंगोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन तथा उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री राधा-कृष्ण के स्वरूप में प्रस्तुत आकर्षक नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगोत्सव 2026 के शुभारंभ अवसर पर मंच पर ब्रज संस्कृति से ओत-प्रोत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने मंचासीन अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का विशेष रूप से मन मोह लिया। कलाकारों द्वारा दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों पर फूलों की वर्षा किए जाने से पूरा वातावरण ब्रज की होली के रंग में सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन करते हुए रंगोत्सव के भव्य आयोजन के लिए आयोजकों एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का आभार व्यक्त किया।





