हरिद्वार। जनपद के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के प्रोफेशनल डेवलपमेंट तथा प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारती एयरटेल फाउंडेशन, नीति आयोग एवं जिला प्रशासन हरिद्वार द्वारा संयुक्त रूप से ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ आज विकास भवन, रोशनाबाद सभागार में आयोजित किया गया।
यह शिक्षक विकास कार्यक्रम ‘द टीचर एप्प’ के माध्यम से समावेशी और प्रभावी शिक्षण वातावरण के निर्माण हेतु राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अवधारणा के अनुरूप तैयार किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य आवश्यक कौशलों, आधुनिक शिक्षण तकनीकों और विविध पद्धतियों के माध्यम से शिक्षकों की क्षमताओं को सुदृढ़ करना है। इसमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफ.एल.एन.), डिजिटल शिक्षण, कक्षा प्रबंधन तथा नवीन शैक्षणिक विधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्र ने इस पहल को शिक्षकों की क्षमता-वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ डिजिटल शिक्षण हेतु आवश्यक आधुनिक तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ‘द टीचर एप्प’ के उपयोग से शिक्षकों को उच्च-गुणवत्ता वाले डिजिटल शिक्षण संसाधन प्राप्त होंगे, जिससे एफ.एल.एन., डिजिटल शिक्षण, कक्षा प्रबंधन और नवीन शिक्षण पद्धतियों के स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने जिले के सभी शिक्षकों से डिजिटल संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा ‘द टीचर एप्प’ को अपनाने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तकनीक-आधारित प्रशिक्षण से शिक्षकों में आत्मविश्वास, नवाचार की प्रवृत्ति और कक्षा प्रबंधन की दक्षता में वृद्धि होगी।
डायट रुड़की (हरिद्वार) के प्राचार्य मेराज अहमद ने कहा कि शिक्षक ही शिक्षा प्रणाली की आधारशिला हैं। यदि शिक्षक निरंतर सीखते रहेंगे तो संपूर्ण शिक्षण व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः परिलक्षित होगा। उन्होंने डीएलएड प्रशिक्षुओं से भी इस मंच का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ‘द टीचर एप्प’ पर उत्तराखंड राज्य के चैनल की भी चर्चा की गई, जिससे शिक्षक कभी भी, कहीं भी ऐप डाउनलोड कर अनुकूलित डिजिटल शिक्षण संसाधनों तक पहुंच प्राप्त कर सकेंगे।
भारती एयरटेल फाउंडेशन की प्रतिनिधि श्रीमती वीणा त्यागी ने बताया कि ‘द टीचर एप्प’ शिक्षणशास्त्र, नेतृत्व, भाषा, सह-शैक्षणिक क्षेत्रों और सामाजिक विज्ञानों में उच्च-गुणवत्ता युक्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराता है। यह स्व-गति आधारित पाठ्यक्रमों को इंटरैक्टिव वेबिनार के साथ एकीकृत करता है, जिससे शिक्षकों को शोध-आधारित नवाचारों को सीधे कक्षा में लागू करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम में नीति आयोग के प्रतिनिधि के रूप में ले. कर्नल जितेन्द्र कुमार वर्मा ने वर्चुअली प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों और नवीन शिक्षण विधियों को समावेशित कर प्रभावी शिक्षण पर विशेष बल दिया।
एससीईआरटी के असिस्टेंट डायरेक्टर के.एल. बिजल्वाण ने ‘द टीचर एप्प’ के माध्यम से जिले के समस्त शिक्षकों की क्षमतावृद्धि पर जोर दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी शिक्षकों एवं डायट प्रशिक्षुओं को ‘द टीचर एप्प’ का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शिक्षक संजय वत्स को “प्रोएक्टिव टीचर” की उपाधि देकर सम्मानित किया गया। एयरटेल की ओर से जोनल मैनेजर सुमित शांडिल्य एवं हम्माद अहमद सिद्दिकी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संतोष रावत द्वारा किया गया।





